जी-20 देशों के मेहमान 17 से 19 अप्रैल तक काशी के वैभव और संस्कृति से रूबरू हाेंगे। काशीपुराधिपति के नव्य, भव्य और दिव्य दरबार और तथागत की उपदेश स्थली पर मेहमानों के लिए बेहद खास आयोजन किए जाएंगे। सारनाथ में लाइट एंड साउंड शो के जरिये शांति के संदेश और काशी की धर्म, कला, संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी। मेहमानों की अगवानी के लिए एयरपोर्ट से लेकर शहर के हर हिस्से को संवारने का काम जारी है। प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने की समय सीमा 10 अप्रैल तय कर दी है।
वाराणसी में जी-20 की छह बैठकें प्रस्तावित हैं। सबसे पहले कृषि विशेषज्ञों की बैठक 17 से 19 अप्रैल तक होगी। शासन की टीम भी जी-20 की तैयारियों को परखने के लिए अगले सप्ताह वाराणसी आएगी। इसमें शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और स्थानों का भौतिक सत्यापन भी किया जा सकता है। इसके लिए एयरपोर्ट से लेकर शहर के हर हिस्से को संवारने के साथ ही उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। शहर की सभी प्रमुख सड़कों को चकाचौंध करने के लिए विशेष लाइट लगाई जा रही हैं। यहां बता दें कि जी-20 के विकास मंत्रियों की बैठक जून में होगी। ऐसे में अप्रैल में होने वाली बैठक को ट्रायल के रूप में देखा जा रहा है।
जी20 (सांकेतिक तस्वीर)।
- फोटो : सोशल मीडिया
पांच अप्रैल को वाराणसी आएंगे मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र
जी-20 की तैयारियाें की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र पांच अप्रैल को वाराणसी दौरे पर आएंगे। सभी विभागों की समीक्षा बैठक के साथ ही वे शहर भ्रमण कर तैयारियों को भी परखेंगे। उम्मीद जताई जा रही है मुख्य सचिव के दौरे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी तैयारियों की समीक्षा करने आ सकते हैं।
काशी की कला और संस्कृति से भी रूबरू होंगे मेहमान
मेहमानों के लिए शहर में विशेष आयोजन किए जाएंगे। इसमें प्रमुख घाटों पर सांस्कृतिक आयोजन होंगे। स्कूली बच्चों को भी जी-20 के मेहमानों के स्वागत के लिए तैयार किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते जिलाधिकारी एस राजलिंगम
- फोटो : a
स्वागत करने के लिए लग रहे शोभा बढ़ाने वाले पौधे
वाराणसी। जी20 की बैठक से पहले शहर संवारने में जुटा नगर निगम डिवाइडरों पर भारी गमले लगा रहा है। शहर में 1100 गमले लगाए जाएंगे। कई रूटों पर गमले लगाए भी जा चुके हैं। गमले लगाने की जिम्मेदारी नगर निगम के उद्यान विभाग को दी गई है। उद्यान विभाग के अधीक्षक केएस पांडेय ने बताया कि बाहर से आने वाले मेहमानों के सामने शहर की बेहतर छवि प्रस्तुत करने के लिए शोभा बढ़ाने वाले पौधे के गमले लगाए जा रहे हैं। पूरे रूटों पर एक सप्ताह के भीतर गमले लगा दिए जाएंगे।
जी-20 की पहली बैठक के लिए शहर को सुंदर बनाने का अभियान चल रहा है। मुख्य सड़कों की दीवारों को संवारने के साथ ही विशेष लाइटिंग कराई जा रही है। 10 अप्रैल तक सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे। - एस राजलिंगम, जिलाधिकारी