पिंडरा। सिंधोरा थाना क्षेत्र के चकरमा स्थित सुभाषचंद्र महाविद्यालय में रविवार को आयोजित सीटीईटी परीक्षा के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ी गई। वह अपनी जेठानी के स्थान पर परीक्षा दे रही थी। फिंगरप्रिंट मिलान में गड़बड़ी सामने आने पर कक्ष निरीक्षक ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, कक्ष संख्या पांच में प्रथम पाली की अभ्यर्थी अर्चना यादव पत्नी परमानंद का बायोमैट्रिक मिलान कराया गया, तो उसका फिंगरप्रिंट डाटा से मेल नहीं खाया। इसकी सूचना तत्काल सीटीईटी मुख्यालय को दी गई। पुष्टि होने पर कक्ष निरीक्षक ने महिला को सिंधोरा पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पकड़ी गई युवती अर्चना देवी अपनी जेठानी मंजू देवी निवासी आजमगढ़ के स्थान पर परीक्षा दे रही थी। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।