वाराणसी। पितरकुंडा के शमशाद खान ने नगर आयुक्त अक्षत वर्मा से कहा कि साहब क्षेत्र में कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। बच्चों को काटने के लिए दौड़ाते हैं। देर रात निकलने पर लोगाें को दौड़ा लेते हैं। भागने के चक्कर में कई वाहन चालक घायल हो चुके हैं। इन्हें कृपया पकड़वाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।
विज्ञापन
मंगलवार को नगर निगम में हुई संभव की जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त ने पशु चिकित्सा अधिकारी को कुत्ता पकड़ने का निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त ने 7 शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में अमरपुर बटलोहिया के शाहिद जमाल ने नाली की सफाई न होने और चौका धंसने के बारे में जानकारी दी। उनसे गुहार लगाई की इसकी मरम्मत कराई जाए। गणेशधाम काॅलोनी सुंदरपुर के कर्नल राजेश राय ने नाली, पटरी, सड़क निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट आवंटित करने की मांग की। फुलवरिया के संतोष कुमार पांडेय ने 60 मीटर तक सीवर और सड़क निर्माण कराने, सारंगनाथ काॅलोनी सारनाथ के आनंद नारायण श्रीवास्तव ने सड़क की इंटरलाकिंग कराने से जुड़ा पत्र दिया। कलेक्ट्रेट के शाहिद जमाल ने रिकाॅर्ड में मकान नंबर को राजस्व अभिलेखों में दर्ज न होने, कलेक्ट्रेट के मुकीम अख्तर ने मकान नंबर की गृहकर वसूली के लिए कार्रवाई करने की गुहार लगाई। नगर आयुक्त ने संबंधित शिकायती पत्र को अधिकारियों के पास निस्तारण के लिए भेजा। साथ ही निस्तारण आख्या की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर मांगी है।