वाराणसी। विजयादशमी को पंडालों में महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया। बंगीय समाज के पूजा पंडालों में मंगलवार को सिंदूर खेला का आयोजन किया गया। सोनारपुरा, दशाश्वमेध, शिवाला, पांडेय हवेली, बंगाली टोला, केदारघाट के अलावा बीएचयू व डीरेका के पंडालों में सिंदूर खेला में सुहागिन महिलाओं ने माता को सिंदूर चढ़ाया।
मंगलवार को 400 साल पुरानी परंपरा का बंगीय समाज ने निर्वहन किया। बंगाली समाज की महिलाओं ने मां को समर्पित होने वाले सिंदूर को अपनी मांग में भरकर एक दूसरे के गालों को सिंदूर से रंग दिया। विसर्जन से पहले पंडालों में सिंदूर खेला के दौरान पूरा माहौल सिंदूरमयी हो गया। मान्यता है कि ऐसा करने से पति की उम्र लंबी होती है। माता को मिठाई खिलाने के बाद नम आंखों से उनको विदाई दी गई। बंगीय समाज के अध्यक्ष अशोक कांति चक्रवर्ती के अनुसार मान्यता है कि मां दुर्गा की मांग भर कर उन्हें मायके से ससुराल विदा किया जाता है।