धर्म संघ से निकली प्रभात फेरी में शामिल भक्त। स्वयं
श्री हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति की ओर से हनुमान जयंती पर संकट मोचन मंदिर में दो रजत ध्वज चढ़ाए जाएंगे। 1100 भक्त श्रीरामदरबार के साथ शोभायात्रा निकालेंगे। 15 दिवसीय हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी के 13वें दिन मंगलवार को 221 भक्तों ने प्रभातफेरी निकाल कर संकटमोचन दरबार में ध्वज अर्पण कर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
संयोजक यतींद्र कथूरिया, ओम शिव फाउंडेशन के अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, चंदन चटर्जी ने हनुमत प्रभु को रथ पर विराजमान कर ज्योत प्रज्ज्वलित कर आरती उतारी। 171 भक्तों को ध्वजा और 51 महिलाओं को आरती की थाली देकर प्रभातफेरी की शुरुआत की। भजन कीर्तन करते हुए भक्त चल रहे थे। कृष्ण दाधीच, अमित शर्मा, अनूप केसरी, प्रभात खेतान, दिनेश मिश्रा ने भजन पेश किए। बोल थे- लहर लहर लहराई रे ध्वज बजरंगबली की..., छम छम नाचे वीर हनुमान...आदि भजन पेश कर सभी को आनंदित किया। मार्ग में भक्तों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत और आरती उतारी।
यात्रा गुरुधाम, रविंद्रपुरी, दुर्गाकुंड त्रिदेव मंदिर होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंची, जहां भगवान हनुमान के श्रीचरणों में ध्वज अर्पित किए। महिलाओं ने हनुमानजी की आरती उतारी। इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। सवामनी प्रसाद के रूप में लड्डू का वितरण किया। प्रभातफेरी में कौशल शर्मा, कृष्ण गोपाल तुलस्यान, सुरेश तुलस्यान, बैजनाथ भालोटिया, विनोद भालोटिया, विवेक शर्मा, अमन मेहरा, राघवेंद्र शाश्वत, विशाखा मेहरा, तारा शर्मा आदि शामिल रहीं।