सिगरा स्टेडियम में सात दिवसीय सांसद खेल स्पर्धा का मंगलवार को आगाज हुआ। खेल विभाग की प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी, बास्केटबॉल, जूडो और हॉकी के मुकाबले हुए। 100 मीटर दौड़ में एथलीटों ने प्रथम स्थान हासिल कर अगले चक्र में प्रवेश किया। वहीं, जेवलिन थ्रो में सिद्धार्थ सिंह (60.75 मीटर) और शीतला गौड़ ने (18.60 मीटर) प्रथम स्थान प्राप्त किया। उद्घाटन पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिला युवा कल्याण अधिकारी अजय सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह, डीआईओएस, बीएसए सहित कई राष्ट्रीय खिलाड़ी मौजूद थे। जेवलिन को छोड़कर सभी प्रतियोगिताओं का फाइनल मैच 26 दिसंबर को होगा। 27 दिसंबर को पदक विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया जाएगा।
100 मीटर दौड़ में बेटियां अव्वल
100 मीटर दौड़ में रोशनी, आद्रिका, जगनंदिनी, अंजलि सहित आठ एथलीटों ने प्रथम स्थान हासिल कर अगले चक्र में प्रवेश किया। वहीं, जेवलिन थ्रो में 35 खिलाड़ियों में सिद्धार्थ सिंह प्रथम, आदर्श ने दूसरा और रोहित कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में शीतल प्रथम, अंकिता दूसरे और अन्नपूर्णा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कुश्ती में कामिनी ने रचना को हराया
कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन दो मुकाबले हुए। महिला वर्ग में कामिनी सिंह ने रचना यादव और पुरुष वर्ग में धनंजय ने सुनील को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। जबकि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले अन्य पहलवानों का वजन किया गया। जिनका मुकाबला बुधवार से होगा।
हॉकी के हुए मुकाबले
हॉकी में पहले दिन छह मैच खेले गए। बालक वर्ग के पहले मैच में यूपी कॉलेज ने सिगरा स्टेडियम को 1-0 से हराया, सिगरा स्टेडियम ने अपने दूसरे मैच में सन सिटी एकेडमी को 2-0 से हराया। वहीं, बालिका वर्ग का एक ही मैच हुआ जिसमें विवेक एकेडमी टीम ने सिगरा स्टेडियम को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
कबड्डी में बच्छाव की महिला टीम विजयी
कबड्डी प्रतियोगिता में कुल आठ मैच होने थे। महिला टीमों के चार मुकाबले होने थे। टीमें नहीं आने से केवल एक ही मैच हो पाया। महामना मालवीय इंटर कॉलेज की टीम ने कंदवा टीम को 29-12 अंक से हराकर अगले चक्र के क्वालीफाई किया। उधर, पुरुष वर्ग में विकास इंटर कॉलेज की टीम ने स्कॉलर होम को 22-3 के भारी अंतर से परास्त किया। जीबीआईसी चकरमा ने सुभद्रा देवी इंटर कॉलेज को 26-11 अंक से हराया। एपीएस एकेडमी ने हनुमंत इंटर कॉलेज को 12-3 से मात दी। चौथे मैच का परिणाम नहीं जारी किया गया।
बास्केटबॉल के चार मुकाबले हुए
बास्केटबॉल के चार मुकाबले हुए। पुरुष वर्ग में यूपी कॉलेज की ए टीम ने बी टीम को, बुल्स टीम ने सनबीम वरुणा को, महिला वर्ग में सनबीम वरुणा ने अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज को और आर्य महिला इंटर कॉलेज ने बीएलडब्ल्यू को परास्त कर अगले चक्र में प्रवेश।
जूडो में सूरज ने मारी बाजी
जूडो प्रतियोगिता के दो भार वर्ग में चार मुकाबले हुए। दो महिला और दो पुरुष खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हुआ। सूरज ने दिनेश को बृजेश ने हिमांशु को महिला वर्ग में आलीना ने खुशी को और जोया ने शाहीन को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
डीएम ने मतदान के लिए दिलाई शपथ
खेल आयोजन से पहले प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए खिलाड़ियों को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शपथ दिलाई। जिसमें सभी अधिकारी और खेल विभाग के कर्मचारियों ने मतदान के लिए शपथ ली।