श्री श्याम दरबारी मंडल (काशी परिवार) की ओर से भक्ति, उल्लास और श्रद्धा के माहौल में फागुनोत्सव (पंचम) संग श्रीश्याम पालकी शोभायात्रा निकाली गई। रथयात्रा–महमूरगंज मार्ग पर स्थित एक होटल में सजे श्याम दरबार से गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकली। श्रद्धालु भजन कीर्तन करते हुए प्रभु की भक्ति में झूमते हुए चल रहे थे।
शाम को श्याम प्रभु की भव्य पालकी शोभायात्रा निकली। डमरू दल, डीजे की धुन पर श्रद्धालु थिरकते चल रहे थे। शोभायात्रा संग श्रद्धालु हाथों में निशान लिए श्याम मंदिर लक्सा पहुंचे। शोभायात्रा में सुसज्जित पालकी, निशान, पुष्पवर्षा और भक्ति संगीत के साथ भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर श्याम बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। श्रद्धालु निशान मंदिर में चढ़ाकर पूजन-अर्चन किया। इसके पूर्व श्री श्याम दरबारी मंडल के सेवादारों ने सुबह देवाधिदेव महादेव का रुद्राभिषेक किया। श्याम प्रभु का मनोहारी शृंगार हुआ। ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ जयकारे गूंजे। संकीर्तन के साथ भजन संध्या में चित्तौड़गढ़ के भजन गायक अभिषेक माहेश्वरी ने सुमधुर भजनों से सभी को खूब झुमाया। सभी को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भंडारे में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। शोभायात्रा व पूजन में अध्यक्ष अतुल अग्रवाल, उपाध्यक्ष शुभम अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, अभिषेक, श्याम अग्रवाल, शैलेश कुमार गुप्ता, इंद्रजीत गुप्ता, प्रशांत गणेरीवाला, रोहित आदि शामिल रहे।