मठों व आश्रमों में भी होगी पूजा
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की चौथी वर्षगांठ पर काशी के मठों और आश्रमों में भी पूजन-अर्चन और जलाभिषेक होगा। अनुष्ठान के साथ साधु-संतों का भोज होगा। संतों के साथ बटुक शामिल होंगे। वहीं, संस्थाएं बाबा के पूजन के साथ भंडारा करेंगी।
संगीत संध्या में इन कलाकारों की होगी प्रस्तुति
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के शंकराचार्य चौक पर शिवार्चन मंच पर शनिवार को शाम चार बजे से संगीत संध्या का आयोजन होगा। राजेश कुमार गौतम (बांसुरी वादन), शनी मिश्र (भजन), अंशुमान महाराज (सरोद वादन), अंशिका सिंह (भजन) की प्रस्तुति होगी। रविवार को शाम चार बजे से वैंकट अन्नामचार्या सेवा ट्रस्ट आन्ध्र प्रदेश (भरतनाट्यम), दिव्या दुबे (भजन), सुश्री दिव्या श्रीवास्तव (नृत्य), विदुषी वर्मा (भजन), डॉ. अर्चना अदित्य म्हस्कर की प्रस्तुति होगी।
शोभायात्रा में दिखेगा सेना का शौर्य, महिला वर्ल्ड कप की ट्रॉफी
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर धाम के चौथे लोकार्पण उत्सव बाबा के प्रति श्रद्धा, भक्ति और नारी शक्ति को समर्पित झांकियां सजाई जाएंगी। शोभायात्रा में महिला विश्वकप की टीम, भारतीय सेना की जांबाज सुफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह के ऑपरेशन सिंदूर में शौर्य प्रदर्शन की झांकी होगी।
शिव बरात समिति के महामंत्री दिलीप सिंह ने बताया कि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और वीडीए बोर्ड के सदस्य अंबरीष सिंह भोला मैदागिन चौराहे पर पूर्वाह्न 11:30 बजे शुभारंभ करेंगे। शोभायात्रा में वृंदावन की राधाकृष्ण की झांकी, 12 तरह के वाद्ययंत्रों के साथ बाबा के गण, किन्नर और लाग विमान शामिल होंगे। माता वैष्णो देवी की अखंड ज्योति आकर्षण का केंद्र होगी।