काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में कतारबद्ध भक्तों में लोगों की तबीयत भी खराब हो रहा है। बुधवार को कतार में खड़ी महिला श्रद्धालु के जमीन पर गिरते ही दूसरे श्रद्धालुओं में अफरातफरी की स्थिति बन गई।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचे तीन श्रद्धालु भीड़ व तेज धूप के कारण बेहोश हो गए। तीनों श्रद्धालुओं को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
बुधवार को दोपहर में श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए धाम क्षेत्र में कतारबद्ध थे। भीड़ का दबाव ज्यादा होने के कारण श्रद्धालुओं को लंबे समय तक धूप में इंतजार करना पड़ा। महाराष्ट्र के नासिक जिले की शैला पोपोदत्तु जादव अपने पति पोपोदत्तु जादव के साथ दर्शन के लिए लाइन में लगी थीं। इस बीच वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं।
महिला श्रद्धालु के जमीन पर गिरते ही दूसरे श्रद्धालुओं में अफरातफरी की स्थिति बन गई। कबीरचौरा में महिला का इलाज चल रहा है। इसी तरह आंध्रप्रदेश से आए दो श्रद्धालु भी भीड़ के चलते बेहोश हो गए। परिजनों ने उनका निजी अस्पताल में इलाज कराया।
विज्ञापन
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं है। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भीड़ प्रबंधन और धूप से बचने के उपाय किए जा रहे हैं।