उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक दुकानदार ने पैसे के लेन-देन को लेकर एक बच्चे के साथ ऐसी हरकत की है जिसे सुनकर कोई भी चौंक जाएगा। दुकानदार बच्चे से सामान के दोबारा पैसे मांग रहा था।
जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के सिरगिथा बाजार निवासी मोहन चौरसिया का पुत्र रामरतन (12) गुरुवार को बाजार में स्थित एक किराना कारोबारी के यहां छह सौ रुपये लेकर पान की दुकान के लिए सुर्ती, सुपाड़ी, गुटखा आदि सामान लेने गया था।
बालक द्वारा सामान मांगने पर दुकानदार ने पहले पैसे की मांग कर रख लिया। सामान देने के बाद वह बालक से दोबारा पैसे की मांग करने लगा। इस पर पुत्र ने कहा कि मैं पहले पैसा दे चुका हूं, दोबारा कैसे दूं।
इसी बात को लेकर दुकानदार ने बालक के बाएं हाथ पर कपूर रखकर जला दिया। इस पर चिल्लाने लगा। घटना के दौरान दूकान पर खड़े अन्य लोगों ने बच्चे को जलने से बचाया, लेकिन तब तक उसका हाथ जल गया।
कुछ देर बाद दुकानदार ने जलते कपूर को हटाया, लेकिन तब तक बालक का हाथ जल गया। मौजूद लोगों द्वारा समझाने पर दुकानदार ने सामान देते हुए यह कहा कि इस घटना के बारे में किसी बताना नहीं। बालक घर पहुंचा तो सारी बात बताई।
पिता मोहन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में रविवार को तहरीर दी है। सीओ घुड़कुड़ा आलोक प्रसाद ने बताया कि यह मामले मेरे संज्ञान नहीं है। अगर ऐसा है तो मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।