गोदौलिया के बहुमंजिला पार्किंग को बनाने में चाय की दुकान टूटने और नई दुकान न मिलने से परेशान दुकानदार ने शनिवार की रात जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। उसे परिजनों ने सामनेघाट स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस घटना से आहत व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल रविवार को परिजनों से मुलाकात कर हाल जाना।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि गिरजाघर स्थित संजय गांधी मार्केट के व्यवसायी बाबू यादव की 50 साल पुरानी चाय की दुकान थी। बहुमंजिला पार्किंग बनने के दौरान दुकान टूटने के बाद बाबू परेशान थे।
जिला प्रशासन ने व्यवसायियों की दुकानें तोड़ते समय वादा किया गया था कि छह महीने के अंदर दुकानें बना कर दी जाएंगी। कई महीने बीत गए पर दुकान नहीं मिलीं। बाबू के बड़े भाई राजू ने बताया कि दुकान न होने से बाबू के बच्चों का स्कूल से नाम काट दिया गया। परिवार की माली हालत ठीक नहीं थी।
जमीन के विवाद में न्याय की गुहार लेकर रोहनिया थाने पहुंचे केशरीपुर निवासी सुरेश प्रसाद सिंह अचानक अचेत हो गए। पुलिसकर्मियों ने तुरंत सुरेश प्रसाद को उठाया और पानी का छींटा मारकर होश में लाया। केशरीपुर के रहने वाले सुरेंद्र प्रसाद सिंह अपने पुत्र रितेश कुमार सिंह के साथ जमीन विवाद को लेकर दोपहर में थाने पहुंचे थे कि अचानक थाना परिसर में ही अचेत हो गए। बाद में होश आने पर सामान्य हो गए।