मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी से निष्कासित करने के विरोध में लहुराबीर आजाद पार्क में शिवपाल और अमर सिंह के पोस्टर जलाए गए।
सपा में उठे तूफान का असर काशी भी पहुंच गया। मुलायम सिंह यादव द्वारा लखनऊ में अखिलेश यादव के पार्टी से निष्कासन की सूचना के घंटे भर बाद ही शहर में सपा के युवा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के समर्थन में सड़कों पर उतर आए। देर रात तक शहर में शिवपाल यादव और अमर सिंह के खिलाफ नारेबाजी होती रही।
युवजन सभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विकास यादव के नेतृत्व में नेताओं ने अमर और शिवपाल के पोस्टर जलाए। विकास यादव, विवेक याद, विकास श्रीवास्तव, मो. मुजीब, नीलू मंडानी, जिया सिद्दीकी, गुलाब अंसारी नेता आदि नेताओं का कहना है कि वह अखिलेश यादव के साथ हैं और रहेंगे। शिवपाल यादव की वजह से पार्टी बर्बाद हो जाएगी। बीएचयू सिंह द्वार पर समाजवादी छात्र सभा के लोगों ने धरना दिया और हंगामा किया। वहीं कुछ नेताओं ने लखनऊ में जमावड़ा लगाया हुआ है। वह भी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समर्थन में हैं। लखनऊ में मौजूद पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का फैसला पार्टी को डुबो देगा। उन्हें अखिलेश यादव को अच्छे कामों के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहे हैं। लखनऊ में मौजूद महानगर अध्यक्ष राजकमार जायसवाल ने कहा कि पार्टी में ये ठीक नहीं हो रहा है।
दक्षिणी विधानसभा का पारा ज्यादा चढ़ा हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने उत्तरी सीट से समद अंसारी का टिकट काटकर ओपी सिंह को टिकट दिया था। इससे समद के समर्थक सड़कों पर उतर आए थे। शिवपाल ने गुरुवार की रात जो सूची जारी की उसमें समद को दक्षिणी सीट से उम्मीदवार बनाया गया। दक्षिणी से पूर्व में अशफाक अहमद को टिकट दिया गया था। अब उनका टिकट काट दिया गया है। आगे अभी कि सका टिकट कटेगा और किसे मिलेगा यह तय नहीं है।