वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आचार्य प्रथम सेमेस्टर में दाखिले की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी है। छात्रों द्वारा ऑनलाइन आवेदन में गड़बड़ी के कारण दाखिले की तिथि को आगे बढ़ाया गया है। छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन के समय शास्त्री षष्ठ सेमेस्टर का अंक दर्ज नहीं किया है।
इससे उनका प्रतिशत शून्य प्रदर्शित हो रहा है। अंक दर्ज नहीं करने के कारण कई छात्र दाखिले से वंचित रह गए हैं। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि छात्र हित में प्रवेश समिति ने निर्णय लिया है कि पोर्टल को दोबारा खोला जाए और छात्र फिर से अपना अंक दर्ज कर सकें।
ऐसे छात्रों के लिए अर्हता परीक्षा अंक में आवश्यकत संशोधन के लिए आनलाइन सुधार पटल खोल दिया गया है। ऐसे छात्र जिन्होंने षष्ठ सेमेस्टर उत्तीर्ण कर लिया है और अपना अंक दर्ज नहीं किया है वह दो से चार नवंबर तक अपने लागिन आईडी से प्राप्तांक व पूर्णांक में सुधार कर सकते हैं। ब्यूरो