लाल फूलों, लाल चुनरी और आभूषणों से स्कंदमाता का शृंगार
शारदीय नवरात्र की पंचमी पर जैतपुरा स्थित स्कंदमाता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। बागेश्वरी देवी मंदिर परिसर स्थित मां के विग्रह के दर्शन के लिए सुबह से रात तक भक्त पहुंचते रहे। मां ने भक्तों को 17 घंटे तक दर्शन दिए। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे दर्शन के लिए पहुंचे। ब्रह्म मुहूर्त में मां स्कंदमाता की मंगला आरती के बाद मंदिर के पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए। पट खुलते ही मंदिर परिसर मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा। मां का लाल फूलों, लाल चुनरी और आभूषणों से शृंगार कर आरती की गई।
ओडीसी से मां जगदंबा की आराधना
नवरात्र के पंचमी तिथि पर केदारघाट स्थित गौरी केदारेश्वर मंदिर में श्री कुमार स्वामी मठ के संयोजन में संगीत संध्या में कलाकारों ने ओडीसी नृत्य से मां जगदंबे की आराधना की। कलाकारों ने भावनृत्य से मां की आभा को निखारा।