वाराणसी में सीवरेज से जुड़े सभी कार्य पूरा कराने की अंतिम तारीख कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने निर्धारित कर दी। मंगलवार को कमिश्नर ने अपने कार्यालय में जायका सहायतित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
शाही नाले के सफाई कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और अभियान चलाकर 31 मार्च तक पूरा कराने का निर्देश दिया। दीनापुर में निर्माणाधीन 140 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के काम को मार्च तक पूरा कराने को कहा।
जल निगम के अभियंता को हिदायत दी कि अब इन परियोजनाओं को पूरा कराने में समय नहीं बढ़ाया जाएगा। दीनापुर, कोनिया, भगवानपुर सहित पांच घाटों पर लगे पंपिंग स्टेशनों के मरम्मत कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। काम में तेजी लाने के कहा।
फुलवरिया और दीनापुर के आउटफाल स्ट्रक्चर के लिए अब तक भूमि उपलब्धता सुनिश्चित न हो पाने पर जल निगम के अधीक्षण अभियंता के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर पांच दिन के अंदर मुआवजा धनराशि जमा कराएं।
भूमि उपलब्धता के संबंध में आगे की कार्रवाई करने को कहा। चौकाघाट से दीनापुर तक अन्य सीवर कार्य को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर कराने पर जोर दिया।
चौकाघाट, सरैया, फुलवरिया के 140 एमएलडी पंपिंग स्टेशन को भी मार्च तक हर हाल में पूरा कराने को कहा। बैठक में जल निगम, जल संस्थान, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।