सभी निधियों के स्वीकृत कार्यों का कराएं स्थलीय निरीक्षण
पार्षद कोटा में कुल 656 कार्य स्वीकृत किए गए थे। इसमें से 231 कार्य पूर्ण कर लिए गए। शेष 273 कार्य शुरू नहीं हुए हैं। इस संबंध में मुख्य अभियंता को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह में सभी कार्य पूर्ण कराएं। सभी निधियों में स्वीकृत कार्यों की प्रगति विधानसभावार तैयार कर स्थलीय निरीक्षण कराएं। साथ ही सीएम ग्रिड योजना का कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराएं। मेयर ने दुर्गाकुंड एवं शंकुलधारा तालाब के पानी एवं सिल्ट निकासी की कार्रवाई 15 दिनों में कराने का निर्देश दिया।
निगम की गाड़ियों का कंप्यूटराइज्ड डेटा तैयार कराएं
निर्देश दिया कि खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत 12 घंटे में कराएं। साथ ही देव दीपावली पर लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था करने पर बधाई दी। नगर निगम की गाड़ियों का कंप्यूटराइज्ड डेटा तैयार कराने के निर्देश दिए।
बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई करें तेज
पशु विभाग बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई तेज करें। पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि एक दिन में 20 से 25 बंदरों को पकड़ा जा रहा है। साथ नगर निगम से संचालित गोशालाओं छितौनी एवं शहंशाहपुर में गौवंशों से प्रतिदिन 4000 किलो निकलने वाले गोबरों के निस्तारण/ रियूज एवं विक्रय के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।
नवविस्तारित इलाकों के तालाबों में मछली पालन का तैयार होगा प्रस्ताव
राजस्व विभाग ने बताया कि लालपुर मीरापुर बसहीं में 16 बीघा, ककरमत्ता में 4 बीघा, पहड़िया में 4 बीघा, नुआंव में 3 बीघा, सरायमोहाना में 2 बीघा, बेदौली में 4 बीघा, चितईपुर में 4 बीघा तथा पहाड़पुर में 2 बीघा भूमि चिह्नित कर कब्जे की कार्यवाही प्रगति पर है। मेयर ने कहा कि नव विस्तारित क्षेत्रों के तालाबों में गुणवत्तापूर्ण मत्स्य पालन कर विक्रय करने का प्रस्ताव तैयार कर अगली कार्यकारिणी की बैठक में रखा जाए।
बैठक में ये रहे शामिल
बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य, विनय कुमार गुप्ता, सविता यादव, मुख्य अभियंता मोईनुद्दीन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, सहायक नगर आयुक्त मनोज कुमार तिवारी, अनिल यादव, अधिशासी अभियंता अजय कुमार सक्सेना, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव सचिव जलकल ओपी सिंह आदि शामिल रहे।