वाराणसी। सीवर ओवर फ्लो, दूषित पानी की आपूर्ति सहित कई मांगों को लेकर विपक्ष के पार्षदों का धरना गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इससे पहले धरना समाप्त कराने के लिए कई बार जीएम ने वार्ता की, लेकिन पार्षदों ने समस्या समाधान कराने तक धरना जारी रखने की बात कही।
कांग्रेस पार्षद दल के नेता सीताराम केसरी ने बताया की धरना देने के बाद जलकल के अधिकारी टीम के साथ मौके पर गए लेकिन बिना समस्या हल किए ही चले आए। उन्होंने कहा कि बनारस गलियों का शहर है। सभी 90 वार्डों की गालियां सीवर और गंदगी से बजबजा रही हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है। लेकिन यहां की दशा अधिकारियों ने खराब कर रखी है।
धरने में अजीत सिंह, गुलशन अली, हाजी ओकास अंसारी, असलम खान, डॉ. अख्तर अली, अरशद लड्डू, साजिद अंसारी, मौलाना रियाजुद्दीन, बेलाल अंसारी, अफजाल अंसारी, अनिल शर्मा, शंभूलाल बाटुल, अनीसुर्रहमान, मयंक चौबे, गोविंद शर्मा, मीनू शर्मा, हसन मेहंदी आदि रहे।
जलकल जीएम नीरज गौड़ ने कहा कि पार्षदों का कहना है कि शहर में हर जगह सीवर और पेयजल की समस्या है। इसे ठीक करने के प्रयास जारी हैं। बनारस को विश्व में सबसे बेहतर और स्मार्ट सिटी बताया जा रहा है, लेकिन सरकार की तरफ से हमें कोई व्यवस्था नहीं मिल रही है।