आईएमएस बीएचयू के केएन उडुप्पा सभागार में हुई कार्यशाला में ड्यूटी के दौरान संवेदनशील संवाद एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर चर्चा की गई। बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने छात्रों के साथ संवाद के दौरान मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की सलाह सुरक्षा कर्मियों को दी।
विश्वविद्यालय के वेलबीइंग सर्विसेज सेल की ओर से हुई कार्यशाला में कुलपति ने कहा कि सुरक्षा कर्मी विवि में सुरक्षित, संरक्षित एवं छात्र-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कर्तव्यों के निर्वहन में सदैव सतर्क एवं सजग रहने की आवश्यकता है। छात्रों के साथ संवाद के दौरान संवेदनशीलता, सहानुभूति और प्रभावी संप्रेषण भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाना एक सहयोगी, समावेशी एवं सकारात्मक विश्वविद्यालयी वातावरण के निर्माण के लिए आवश्यक है। इस दौरान चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया, छात्र अधिष्ठाता का कार्यभार देख रहे प्रो. फतेह बहादुर सिंह सहित प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे।