तीन युवकों को हिरासत में लेकर कर पूछताछ कर रही पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के भदोही जिले के एक गांव में सड़क किनारे किनारे सोमवार की भोर में मृत गाय मिलने से सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में रोष फैल गया। कुछ ही देर में मौके पर जुटे ग्रामीणों ने भदोही-दुर्गागंज मार्ग को जाम कर दिया। घटना की खबर लगते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
अफसरों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर 45 मिनट पर जाम समाप्त कराया। साथ ही बस्ती से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर बस्ती में पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। सुबह करीब छह बजे भदोही कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती सियरहां गांव के लोग शौच के लिए निकले तो सड़क किनारे एक गाय मृत पड़ी थी।
यह खबर गांव में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोग जुट गए और भदोही-दुर्गागंज मार्ग पर जाम लगा दिया। मामले की जानकारी मिलने पर भदोही और सुरियावां थाने की पुलिस के अलावा एएसपी डॉ. संजय कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया तब 45 मिनट बाद जाम समाप्त हुआ।
मौके से कुछ औजार भी मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस के साथ आए डाग स्क्वॉड बस्ती तक गया लेकिन वह आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। बताया गया कि गाय भानूपुर गांव के बिरजू पाठक की थी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि अवांछनीय तत्वों ने रात में गाय को लाकर मार दिया। पुलिस ने नई बस्ती के तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
मौके पर तनाव देखते हुए पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। वहीं, मौके पर पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मामले में कड़ी कार्रवाई न की गई तो वे आंदोलन करेंगे। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह माहौल खराब करने की साजिश हो सकती है। मामले जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।