संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षा की तिथि विश्वविद्यालय की ओर से घोषित कर दी गई है। शास्त्री द्वितीय सेमेस्टर, चतुर्थ, छठे सेमेस्टर के साथ ही आचार्य द्वितीय, चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 28 मई से शुरू होगी। 9 दिन तक चलने के बाद 8 जून को अंतिम पेपर होगा। विवि की ओर से रविवार को भी परीक्षा कराई जाएगी।
विवि की ओर से सत्र 2025-29 में शास्त्री द्वितीय सेमेस्टर, 2024-28 में चतुर्थ सेमेस्टर, 2023-26 में शास्त्री छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके अलावा आचार्य द्वितीय सेमेस्टर सत्र 2025-27, चतुर्थ सेमेस्टर 2024-26 की संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व, बैक, श्रेणी सुधार के साथ ही एक विषय की परीक्षा भी इसी अवधि में होगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. दिनेश कुमार की ओर से जो कार्यक्रम जारी किया गया है, उसमें पहली पाली की परीक्षा सुबह 8 से 11 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 1 से 4 बजे तक परीक्षा होनी है। इन नौ दिन की परीक्षा में 7 जून को रविवार है और इस दिन भी पेपर होगा। इस बारे में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से ली जा सकती है।