नई दिल्ली से रामनगर किले देखने आए पर्यटकों ने आरोप लगाया कि संग्रहालय का जबरदस्ती टिकट नहीं लेने पर सुरक्षा प्रभारी ने अभद्रता की। बीच बचाव में छोटा भाई आया तो उसे थप्पड़ जड़ दिया।
काशी भ्रमण पर आए पर्यटकों के दल के साथ रामनगर किले में तैनात सुरक्षा प्रभारी ने शुक्रवार को अभद्रता की और पर्यटक को थप्पड़ जड़ दिया। नाराज पर्यटकों का आरोप है कि सुरक्षा प्रभारी ने महिलाओं और बच्चों संग अभद्रता भी की। नई दिल्ली से आए पर्यटकों का आरोप था कि संग्रहालय का जबरदस्ती टिकट नहीं लेने पर सुरक्षा प्रभारी ने अभद्रता की।
विज्ञापन
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह पर्यटकों को समझा बुझाकर हटाया। नई दिल्ली से 11 सदस्यीय दल परिवार संग दोपहर में किला घूमने पहुंचा। उन्हें संग्रहालय नहीं घूमना था। पर्यटक शिल्पा के अनुसार किला के अंदर सभी लोग घूम रहे थे कि इतने में सुरक्षा प्रभारी पहुंचे और संग्रहालय का टिकट लेने का दबाव बनाने लगे।
पर्यटकों ने कहा- यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं
शिल्पा के अनुसार उन्होंने टिकट लेने से इंकार कर दिया तो सुरक्षा प्रभारी ने अभद्रता शुरू कर दी। बीच बचाव में छोटा भाई आया तो उसे थप्पड़ जड़ दिया। तब तक रामनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
अभद्रता से आहत पर्यटकों ने कहा कि यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं है, वह सुरक्षा प्रभारी की ही सुनेंगे। पर्यटक इसकी शिकायत नई दिल्ली में करने को कहते हुए गाड़ी में सवार होकर निकल गए। सुरक्षा प्रभारी ने इस बारे में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।