रोहनिया क्षेत्र के सहाबाबाद स्थित एक तेल डिपो के सिक्योरिटी गार्ड रामदुलार पाल (42) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शनिवार की सुबह उनका शव घर से तीन किलोमीटर दूर आम केे पेड़ की डाल से फंदे के सहारे लटका मिला। डिपो में कुछ दिनों पूर्व चोरी हुई थी। परिवार वालों का कहना है कि आर्थिक तंगी से बेहाल रामदुलार इस घटना के बाद से और परेशान हो गए थे।
रोहनिया के काशीपुर गांव निवासी रामदुलार पाल (42) शुक्रवार की दोपहर दो बजे घर से निकले थे। शाम चार बजे से उनकी ड्यूटी थी। शनिवार की सुबह करीब सात बजे काशीपुर से करीब तीन किलोमीटर दूर भदरासी गांव में ईंट भट्ठे के पास लोगों ने रामदुलार को आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका देखा। क्षेत्र के कुछ लोग रामदुलार को पहचानते थे। इसकी सूचना उनके परिवार के लोगों को दी।
परिवारवालों का कहना है कि तेल डिपो में कुछ दिनों पूर्व चोरी हुई थी। इसे लेकर डिपो के लोगों ने उनसे पूछताछ की थी। इसे लेकर वह परेशान रहते थे। आर्थिक तंगी से भी परेशान थे। बेटे और उनकी तबियत खराब रहती थी। इलाज में काफी पैसे खर्च हो गए थे।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिवार में पत्नी, चार बेटी और एक बेटा है। एसओ रोहनिया राजेश यादव का कहना है कि रामदुलार आर्थिक तंगी से परेशान थे। परिवार के लोगों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।