वाराणसी। अयोध्या में बुधवार को राम मंदिर के भूमि पूजन के मद्देनजर जिले में हाई एलर्ट घोषित कर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस ने जिले भर में सघन तलाशी अभियान चलाया। विश्वनाथ मंदिर के इर्दगिर्द की गलियों में फोर्स की संख्या दोगुनी कर दी गई है। साथ ही ड्रोन कैमरों से इलाकों की निगरानी की गई। शहर भर में पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने रूट मार्च किया।
एसएसपी अमित पाठक के नेतृत्व में एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी और एसपी ग्रामीण मार्तंड प्रकाश सिंह ने जिले के अलग-अलग इलाकों में रूट मार्च कर लोगों से शांति और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। एसएसपी ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले इलाकों की निगरानी के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। पीआरवी और फैंटम दस्ता भी अपने क्षेत्र में चक्रमण करते रहेंगे। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म की निगरानी करा कर सभी संदेशों पर नजर रखी जा रही है। जिले में कहीं भी लोगों की भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई किसी भी तरह से शांति और कानून व्यवस्था के लिए बाधक बनेगा तो उसके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई में देरी नहीं की जाएगी। जिले के लोगों से अपील है कि वह कोरोना वायरस का संक्रमण देखते हुए अपने घर में ही रहें और अनावश्यक बाहर न निकलें।