प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही व गो आश्रय स्थल को लेकर उदासीनता बरतने के आरोप में जिला विकास अधिकारी ने बेरुआरबारी ब्लॉक के एक सचिव को निलंबित कर दिया है। डीडीओ ने यह कार्रवाई बीडीओ की रिपोर्ट पर की है।
बेरुआरबारी ब्लॉक के बीडीओ ने कुछ दिनों पर जिला विकास अधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी। इसमें ग्राम विकास अधिकारी ब्रजभूषण राय के पास राजपुर, करम्मर व अन्य गांव के सचिव का प्रभार होने का जिक्र है। साथ ही करम्मर गांव में गो आश्रय स्थल पर संरक्षित किए गए पशुओं को ठंड से बचाव को लेकर पर्याप्त इंतजाम निरीक्षण में नहीं मिले और इसमें सचिव की उदासीनता सामने आई। इसी तरह राजपुर गांव में हो रहे नाली निर्माण का कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं मिला, इसमें सचिव की लापरवाही मिली। बीडीओ ने रिपोर्ट में यह भी जिक्र किया कि सचिव ब्रजभूषण की बैठकों में सहभागिता नहीं होती और अक्सर अनुपस्थित रहते हैं और शासन की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों में भी रुचि नहीं लेते हैं। बीडीओ की रिपोर्ट पर डीआरडीए के परियोजना निदेशक व प्रभारी जिला विकास अधिकारी उमेश मणि त्रिपाठी ने सचिव ब्रजभूषण राय को निलंबित करते हुए नवानगर ब्लॉक से संबद्ध किया है। इस मामले की जांच के लिए डीडीओ ने नगरा के बीडीओ को नामित किया है।