यात्रियों की सुविधाओं को लेकर रेलवे ने सप्ताह में दो दिन 12581/12582 बनारस-नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार बलिया तक किया है। उक्त ट्रेन का संचालन 30 जनवरी से होगा। सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त मंगलवार की शाम स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम में इसको हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उक्त जानकारी पीआरओ अशोक कुमार ने दी।
उन्होंने बताया की बनारस से बलिया तक विस्तारित मार्ग पर 12581 बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन मंगलवार एवं बुधवार को बलिया स्टेशन से शाम 7.30 बजे प्रस्थान कर गाजीपुर सिटी से 8.33 बजे, औड़िहार से 9.17 बजे, वाराणसी से 10.30 बजे, बनारस से 11.10 बजे छूटकर पूर्ववत समय पर निर्धारित ठहराव वाले स्टेशनों पर रुकते हुये नई दिल्ली 09.45 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 12582 नई दिल्ली-बलिया एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन मंगलवार एवं सोमवार को नई दिल्ली से रात 10.50 बजे प्रस्थान कर पूर्ववत ठहराव वाले स्टेशनों पर रुकते हुये बनारस से 10.30 बजे, वाराणसी से 10.45 बजे, औड़िहार से 11.27 बजे, गाजीपुर सिटी से 12.15 बजे छूटकर बलिया रात 1.35 बजे पहुंचेगी। अशोक कुमार ने बाताया की एक जून से बलिया-नई दिल्ली एक्सप्रेस परिवर्तित गाड़ी संख्या 22581/22582 से संचालित होगी।