School Closed in Varanasi: वाराणसी में ठंड और शीतलहर का सिलसिला जारी है। ऐसे में आज और कल कक्षा 5 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। बनारस लगातार छठवें दिन अति शीत दिवस घोषित हुआ।
घना कोहरा और गलन भरी ठंड की वजह से जिले के कक्षा पांच तक के सरकारी और गैरसरकारी विद्यालय मंगलवार और बुधवार को बंद रहेंगे। इस आशय का आदेश बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने सोमवार की देर रात जारी कर दिया है।
विज्ञापन
बीएसए के मुताबिक, विभागीय एवं अन्य कार्यों के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों को पहले की तरह विद्यालय में उपस्थिति दर्ज करानी होगी। बृहस्पतिवार को क्रिसमस डे है। शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक क्रिसमस डे पर विद्यालय बंद रहते हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पूरे सप्ताह घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि जिले में कोई बड़ी चेतावनी नहीं जारी की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 6.8 डिग्री कम है। रविवार को यही तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस था।