वाराणसी। सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सेहत को लेकर नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत स्कूलों में खेलो इंडिया अभियान पर अमल शुरू हो गया है। जहां सुबह प्रार्थना के समय 15 मिनट छात्र-छात्राओं को योग कराया जाएगा, वहीं छुट्टी से पहले की घंटी में खेलकूद को अनिवार्य कर दिया गया है। इसकी नियमित मानीटरिंग हो सके, इसके लिए इन गतिविधियों को हर दिन की समय-सारिणी में भी शामिल किया जाएगा।
सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने की कवायद के तहत जिला स्तर पर मैगजीन का प्रकाशन, मेगा इवेंट, स्कूलों की ब्रांडिंग कराने की तैयारी है। अब छात्र-छात्राओं को योग और खेलकूद के जरिए अच्छी सेहत के टिप्स दिए जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने 26 अगस्त को ही एक आदेश जारी कर सभी विद्यालयों में इसे लागू करने को कहा था। खेलो इंडिया अभियान का हवाला देते हुए उन्होंने इसका अमल कराने का निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारियों को दिया था।