यूपी के भदोही जिले में शनिवार सुबह बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल वैन में लगे गैस सिलेंडर में आग लग गई। इसके बाद वैन में सवार स्कूली बच्चों की चीख-पुकार शुरू हो गई। जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दुर्घटना में 19 बच्चे आग की चपेट में आने से झुलस गए। इनमें 20 से 70 फीसदी तक झुलसे 13 बच्चों को जिला अस्पताल से बीएचयू रेफर कर दिया गया। आठ बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
ज्ञानपुर नगर में नथई पुर रोड पर गोसाईं बाजार निवासी सुशील कुमार किराए के मकान में एससी कान्वेंट स्कूल नाम से स्कूल चलाता है। स्कूल की न तो मान्यता है न ही अन्य मानक पूरे होते हैं। बताया जाता है कि नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए कोचिंग की आड़ में पांचवीं तक कक्षाएं भी संचालित हो रहीं थीं।
स्कूल के बच्चों को एक मारुति वैन से लाया जाता था। शनिवार को चालक वैन से बच्चों को लेने गया था। शिवरामपुर, सरपतहा आदि गांवों के बच्चों को लेने के बाद वह लखनो में एक बच्चे को लेने गया था। वहां वैन बैक करते समय रसोई गैस सिलेंडर से संचालित वैन में गैस रिसाव के चलते आग लग गई। उस समय वैन में लगभग डेढ़ दर्जन बच्चे सवार थे।
आग लगने के बाद चालक वैन का गेट लॉक छोड़कर फरार हो गया। वैन जलने लगी तो उसमें मौजूद बच्चे छटपटाने लगे। मौके पर मौजूद सीता शुक्ला (55) नाम की महिला ने दौड़कर बच्चों को निकालने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने रंबा की मदद से वैन का गेट तोड़ा। लेकिन तब तक 14 बच्चे झुलस चुके थे। बच्चों को निकालने में महिला के अलावा उनके पति जटाशंकर भी झुलस गए।
ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने खुद ही बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 13 बच्चों और महिला सीता को बीएचयू रेफर कर दिया गया।
जानकारी मिलने के बाद डीएम, एसपी, एएसपी, एसडीएम ज्ञानपुर, सीओ समेत तमाम प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला अस्पताल में भी गहमागहमी का माहौल हो गया। उधर नाराज ग्रामीणों ने लखनो में कुछ देर के लिए चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने समझा कर हटाया। बताया जाता है कि वैन का भी फिटनेस नहीं था। डीएम राजेंद्र प्रसाद का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। आग कैसे लगी, इसका पता लगाया जाएगा। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
झुलसे बच्चे
प्रिंस (5), विराट (5), रानी (5), अनिकेत (8), साधना (8), किंजल (6), गोविंद (10), नैंसी सिंह (11), आरुषि सिंह (8), अंश सिंह (8), भगवास निवासी आस्था (6), दिशा (5), आयुष (6), प्रियांश (9), माही (5), श्रेयांश (9), ओम (5), अश्वनी (5) और लखनो निवासी अभिषेक (3)।