वाराणसी। गंगा में विसर्जन से पहले गणेश प्रतिमा रोके जाने के विरोध में बीच सड़क पर मूर्ति रखकर धरना दिए जाने के चलते मैदागिन-सोनारपुरा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। चौराहे पर आंदोलनकारियों का जमावड़ा बढ़ने के बाद प्रशासन ने सुबह सात बजे ही मैदागिन से दो पहिया वाहनों को लहुराबीर-गिरजाघर मार्ग पर डायवर्ट कर दिया। सोनारपुरा से रिक्शों को भी नहीं बढ़ने दिया गया। रास्ता बंद होने की वजह से इस मार्ग के कई स्कूल-कॉलेजों में कामकाज प्रभावित हुआ। मारवाड़ी अस्पताल में मरीज प्रवेश नहीं कर सके। हंगामे की वजह से अस्पताल के गेट को बंद कर दिया गया था।
गोदौलिया चौराहे पर धरना की वजह से अग्रसेन डिग्री कॉलेज जाने वाली शिक्षिकाएं और छात्राएं बीच रास्ते से वापस हो गईं। कुछ शिक्षिकाओं के वाहन गिरजाघर-लहुराबीर होते हुए गए लेकिन तमाम छात्राओं को वापस होना पड़ा। इससे कॉलेज में उपस्थिति अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही। इसी तरह राम प्यारी रस्तोगी इंटर कॉलेज के अलाला केयर एंड कैरियर स्कूल सुबह किसी तरह पहुंचे बच्चे अवकाश के बाद घंटों फंसे रहे। इससे छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बांसफाटक स्थित सेवा सदन
अस्पताल जाने वाले मरीज भी रास्ते में फंसे रहे। रिक्शे पर जिन मरीजों को लेकर तीमारदार अस्पताल जा रहे थे उन्हें भी गोदौलिया से आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिला। इस वजह से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। इतना ही नहीं मारवाड़ी अस्पताल का गेट तक बंद कर दिया गया था। इससे तमाम मरीज चाहकर भी अस्पताल नहीं पहुंच सके। भर्ती मरीजों, तीमारदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि धरना मारवाड़ी अस्पताल के ठीक सामने चल रहा है।