वाराणसी। एक समय था जब सरकारी विद्यालयों को लेकर लोगों का सोचना था कि यहां पढ़ाई नहीं होती। लेकिन एक ऐसा विद्यालय है जिन्हें देखकर आपकी सोच बदल जाएगी। इस विद्यालय में प्रधानमंत्री 2018 में अपना जन्मदिन भी मना चुके हैं। अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास व लाइब्रेरी की सुविधा से लैस इस विद्यालय के बच्चे खेल खेल में हुनरबाज बन रहे हैं।
काशी विद्यापीठ ब्लॉक का प्राथमिक विद्यालय नरउर पढ़ाई के तौर-तरीकों के लिए पूरे जिले में मशहूर है। इसका श्रेय प्रधानाध्यापक और उनकी पूरी टीम को जाता है। इन्होंने अपने पैसों से स्कूल में अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास तैयार कराया। इसके लिए शिक्षकों ने प्रोजेक्टर व्हाइटबोर्ड, लैपटॉप और कंप्यूटर सिस्टम की व्यवस्था की।
विद्यालय में रूम टू रीड संस्था की तरफ से लाइब्रेरी भी बनाई गई है। जिसमें अध्यापकों और बच्चों के लिए हजारों किताबें रखी हैं। हर दिन बच्चों के लिए लाइब्रेरी की अलग क्लास लगती है। प्रधानमंत्री ने भी स्कूल के बच्चों के साथ संवाद के दौरान अपने बचपन के दौर में बताया था जब वो लाइब्रेरी से किताबें लेकर पढ़ाई करते थे।
स्वच्छ परिसर हरा भरा वातावरण
प्रधानमंत्री ने भी इस विद्यालय की पढ़ाई के साथ साथ यह के स्वच्छ और हरे भरे वातावरण को देखकर सरहना की थी। तभी से ये विद्यालय पढ़ाई के साथ स्वच्छता में भी अपनी खास पहचान बना चुका है। प्रधानाध्यापक चंद्रावती कहती हैं, हम साफ सफाई का विशेष ध्यान रखते हैं। हर दिन सुबह बच्चों को प्रार्थना सभा में साफ सफाई के प्रति जागरूक करते हैं। साथ ही शिक्षक समूह में बिठाकर बच्चों को साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर जागरूक कर रहे हैं।