कोरोना संक्रमण से जूझ रहे मरीजों के इलाज के लिए अब स्कूल एसोसिएशन भी आगे आया है। पूर्वांचल स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन ने कोविड ग्रसित मरीजों के इलाज के लिए ऑक्सीजन बैंक की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कोरोना से ग्रसित शिक्षकों और उनके परिजनों के मदद के लिए आपात कोष भी बनाया जाएगा।
सोमवार को पूर्वांचल स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन की आम सभा की वर्चुअल मीटिंग में इसका फैसला लिया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक की अध्यक्षता वाली मीटिंग में सबसे पहले एसोसिएशन के सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। ऑनलाइन मीटिंग में कोरोना संक्रमण के वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा की गई। साथ ही सरकार द्वारा ऑनलाइन क्लासेज को बंद करने के फैसले पर भी सहमति बनी कि सरकार का जो भी आदेश है उसमें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
सदस्यों ने सर्वसम्मति से कठिन परिस्थिति को झेल रहे शिक्षक और उनके परिवारों के लिए आर्थिक मदद के लिए स्वेच्छा से दी गई धनराशि से आपात कोष का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए एसोसिएशन की ओर से कमेटी भी नामित करने का फैसला लिया गया। जरूरतमंद मरीजों के लिए आपात ऑक्सीजन बैंक की व्यवस्था करने पर भी सदस्यों के बीच सहमति बनी। जिसमें स्थानीय प्रशासन और एनजीओ से संपर्क स्थापित कर इसका मार्गदर्शन लेने का निर्णय हुआ। वर्चुअल मीटिंग में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राहुल सिंह, पंकज राजगढ़िया, मुकुल पांडे, हरिओम सिंह, जगदीप मधोक आदि मौजूद रहे।