दो दिन बाद सावन मास शुरू हो जाएगा, लेकिन अब तक शिव भक्तों की सुविधाओं का ख्याल नहीं रखा गया है। मूलभूत तैयारियां आधी अधूरी हैं। यही हाल रहा तो श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर मंडुवाडीह तक भक्तों को दुश्वारियां झेलनी पड़ेंगी। मंदिर से बांसफाटक मार्ग पर गंदगी और मलबा पड़ा है। एक तरफ की सड़क क्षतिग्रस्त है। साफ सफाई भी बेहतर नहीं है। जबकि पिछले दिनों कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने सभी तैयारियों को मुकम्मल कराने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक उनके निर्देश पर अमल नहीं हुआ है।
गोदौलिया से मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग का काम शुरू हो गया है। गोदौलिया, गिरजाघर, रथयात्रा, महमूरगंज, मंडुवाडीह के पास सीवर बह रहा है। जिसे अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है। कई जगहों पर बिजली के लटकते तार खतरा बने हुए हैं। थोड़ी-थोड़ी दूरी पर सड़क किनारे मलबा जमा है। जिसे हटवाने के प्रति नगर निगम उदासीन बना हुआ है। कई जगहों पर सड़कों पर बने गड्ढों में बरसाती पानी जमा है। मंडुवाडीह से मंदिर मार्ग पर भक्तों की आवाजाही अधिक रहती है। पीडब्ल्यूडी ने भी कोई तैयारी नहीं की है।
मांस की दुकानें सोमवार को रहेंगी बंद
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि सावन के सोमवार को मंदिर मार्ग में पड़ने वाली मांस की दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा यहां पर रविवार की रात से सोमवार की रात तक सफाई और सैनिटाइजेशन किया जाएगा। साथ ही तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी।
नगर निगम बांटेगा मास्क
सावन में मंदिर आने वाले भक्तों को नगर निगम मास्क बांटेगा। गोदौलिया से मंदिर मार्ग पर भक्तों को मास्क देने के लिए पूरी तैयारी की गई है। साथ ही आसपास के इलाकों में सोडियम हाइपो क्लोराइड का छिड़काव होगा।
सावन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल हो जाएंगी। साफ सफाई के लिए विशेष टीम लगा दी गई है। जो रविवार से सावन के सोमवार तक नियमित सफाई करेगी। -गौरांग राठी, नगर आयुक्त