सावन पूर्णिमा पर शिवभक्तों ने किया बाबा का सामूहिक जलाभिषेक : सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री बाबा काशी विश्वनाथ भक्त सेवा समिति के ओर से 27वां वार्षिक सामूहिक जलाभिषेक श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। संगठन के पदाधिकारियों ने शोभायात्रा निकालकर बाबा विश्वनाथ का अभिषेक किया।
लक्सा स्थित एक होटल से उत्तर प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा गिरजाघर, गोदौलिया, दशाश्वमेध और विश्वनाथ गली के पारंपरिक मार्गों से होते हुए बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंची। शोभायात्रा के दौरान रास्ते भर गूंजती मधुर शहनाई की धुनें विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
सावन के अंतिम दिन शिवमय हुई काशी, भक्तों ने किया जलाभिषेक
सावन महीने के अंतिम दिन श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को काशी पूरी तरह शिवमय नजर आई। भोर की पहली किरण के साथ ही गंगा स्नान और बाबा के जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लग गया। काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर शहर और ग्रामीण अंचल के प्रमुख देवालयों में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन-पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। श्री काशी विश्वनाथ धाम में तड़के मंगला आरती के बाद जैसे ही पट खुले, पूरा परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
बाबा विश्वनाथ का रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष श्रृंगार किया गया था। भक्तों ने उन्हें राखी अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों गौरी केदारेश्वर, महामृत्युंजय, तिलभांडेश्वर और ओंकारेश्वर के साथ ही काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में भी दिनभर भारी भीड़ उमड़ी। संकटमोचन और दुर्गाकुंड मंदिर में भी भक्तों ने शीश नवाया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में गंगा-गोमती संगम पर स्नान कर लाखों कांवड़ियों और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।