वाराणसी। सावन में अब चंद दिन बचे हैं। बाबा विश्वनाथ की नगरी में शिवभक्तों का जमावड़ा लगेगा। शिवालयों में जहां दर्शन पूजन होंगे तो वहीं सावन मेला भी लगेगा। इसकी तैयारी भी शुरू हो गई है। दुर्गाकुंड इलाके में प्राचीन सावन मेला सजने-संवरने लगा है। मानस मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित करीब सौ झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। दुर्गा मंदिर परिसर में झूले लग रहे हैं। बाहर खानपान, खिलौने आदि तक के अस्थायी दुकानें सजेंगी।
सावन मेला के लिए मानस मंदिर में सभी प्रतिमाओं की सफाई से लेकर रंग-रोगन चल रहा है। ठाकुर दास रुरेका चैरिटी के ट्रस्टी मधुसूदन व संजय सुरेका ने बताया कि इस प्राचीन मेला को लेकर हर साल की तरह इस बार मंदिर परिसर में लगने वाले मेले के लिए झांकियां सजाई जा रही हैं। मंदिर से लेकर प्रतिमाओं की सफाई और रंग-रोगन हो रहा है। रंग-बिरंगे विद्युत झालरों से सजावट की जा रही है। दो-तीन दिनों में तैयारी पूरी हो जाएगी। पास में ही दुर्गा मंदिर परिसर में भी मेला की तैयारी शुरू हो गई। झूले और अस्थायी दुकानें सजेंगी। मंदिर के प्रधान पुजारी कौशल ने बताया कि मेले की तैयारी शुरू हो गई है। मंदिर में नौ दुर्गा के स्वरूपों की प्रतिमाएं लगाई गई हैं। पूरा इलाका सावन भर गुलजार रहेगा।