प्रयागराज से कांवड़ लेकर आ रहे संदीप कुमार के दोनों पैरो में छाले पड़ गए थे। पैरों में पट्टी बांधकर वह चल रहे थे। रोहनिया में आराम करने के दौरान उन्होंने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। प्रयागराज निवासी धर्मराज प्रयागराज से त्रिवेणी का जल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने लगातार 18 साल से आ रहे हैं। चेहरे पर जरा भी थकान नहीं थी।
उन्होंने बताया कि बाबा की कृपा से बड़ी आसानी से वह कांवड़ यात्रा पूरी करते हैं। कांवड़िया संघ चिऊटहरा आजमगढ़ के मनोज यादव, महेश, सोनू, विनोद, शिवलाल 18 से 19 साल से कांवड़ यात्रा में शामिल हो रहे हैं। मार्कंडेय महादेव और बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाने के बाद वह जल लेकर अपने घर आजमगढ़ शिव मंदिर में जलाभिषेक करके यात्रा का समापन करते हैं।
11 साल से लगातार आ रहे जल चढ़ाने
प्रयागराज से जल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के लिए रमेश यादव के नेतृत्व में 50 से अधिक कांवड़ियां नाचते-गाते सोमवार को कछवां रोड पहुंचे। रमेश यादव ने बताया कि 11 साल से लगातार बाबा विश्वनाथ का सावन में जलाभिषेक कर रहे हैं।