सावन में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में 6-7 घंटे तक दर्शन की लाइन लंबी हो सकती है। वहीं प्रोटोकॉल दर्शन पर रोक लगेगी। यह फैसला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के अनुमान से किया गया।
सावन में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सामान्य दर्शन के लिए कतार में औसतन 6 से 7 घंटे या उससे अधिक का समय लग सकता है। इसी संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पूरे सावन महीने के दौरान सभी प्रकार के प्रोटोकॉल दर्शन पर रोक लगाने का फैसला किया है।
विज्ञापन
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक सामान्य दर्शन व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को औसतन 6 से 7 घंटे या उससे अधिक समय तक कतार में इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में किसी भी स्तर पर विशेष सुविधा या प्रोटोकॉल दर्शन की अनुमति दी जाती है तो सामान्य श्रद्धालुओं की प्रतीक्षा अवधि और बढ़ जाएगी, जिससे दर्शन व्यवस्था प्रभावित होगी और आम भक्तों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वर्तमान मौसम में गर्मी और उमस के कारण इतनी लंबी प्रतीक्षा बच्चों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकती है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए विशेष एवं प्रोटोकॉल दर्शन व्यवस्था पूरी तरह स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।