54 वर्षों से निकल रही बैजनाथ धाम, द्वादश ज्योतिर्लिंग व एकादश महारुद्र लिंग यात्राएं
धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज के शिष्य ब्रह्मलीन दंडी स्वामी शिवानंद सरस्वती द्वारा स्थापित काशी प्रदक्षिणा दर्शन यात्रा समिति की ओर से वर्ष 1972 से सावन में प्रदक्षिणा एवं दर्शन-पूजन यात्राएं निकाली जा रही हैं। समिति के संचालक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि दो अगस्त को केदारेश्वर अंतर्गृही प्रदक्षिणा दर्शन-पूजन यात्रा श्री गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर से निकलेगी। इस दौरान श्रद्धालु काशी के 145 शिवालयों में जलाभिषेक और दर्शन करेंगे। द्वादश ज्योतिर्लिंग यात्रा नौ अगस्त को श्री गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक निकाली जाएगी। 16 अगस्त को त्रिशूल यात्रा डुमरांव बाग (अस्सी) से शूलटंकेश्वर महादेव तक जाएगी। 23 अगस्त को एकादश महारुद्र लिंग प्रदक्षिणा यात्रा दुर्गा मंदिर (दुर्गाकुंड) से श्री काशी विश्वनाथ तक निकलेगी। 24 अगस्त को बैजनाथ धाम यात्रा अस्सी घाट से बैजनाथ धाम (बैजनत्था) तक जाएगी।