काशी में 33 कोटि देवी-देवता, तीर्थ और नदियां विराजमान हैं। काशी के चार धाम में एक रामेश्वर महादेव काशी की अयोध्या नगरी में ही विराजमान हैं। यहां श्रीराम स्वयं अपने इष्ट भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। सेतुबंध पर अपने एक अंश रहकर रामेश्वर महादेव काशी में संपूर्ण भाव से काशीवासियों को अपना दर्शन देते हैं। मानमंदिर घाट पर ही श्री रामेश्वर महादेव ज्योतिर्लिंग का मंदिर है।
काशी खंड के अनुसार रामेश्वरान्महाक्षेत्राज्जटीदेवः समागतः। एकदन्तोत्तरे भागे सोऽर्चितः सर्वकामदः।। यानी महादेव से नंदी जी कहते हैं- हे भगवन! सेतुबंध रामेश्वर महाक्षेत्र से जटी देव अर्थात् भगवान रामेश्वर यहां आए हैं। वे एकदंत गणेश के उत्तरभाग में हैं। उनका पूजन करने से वे सभी कामनाओं को पूर्ण कर देते हैं। वायव्य कोण में सोमेश्वर के समीप अयोध्या पुरी है, जहां रामेश्वर लिंग है।