क्षेत्र के उमरहां स्थित जय प्रकाश महाविद्यालय में संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय सत्यनारायण प्रसाद की प्रथम पुण्यतिथि मनाई गई। प्रबंधक डॉ. शिवप्रकाश सिंह ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ स्व सत्यनारायण प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मनीष बक्शी, सियाराम यादव, कमलेश यादव, लल्लू यादव, हरिवंश सिंह, बबलू सिंह, सूबेदार यादव, सत्येंद्र मौर्य, विक्रम कुमार, अरुण यादव, विनोद कुमार, अवधेश यादव आदि मौजूद रहे। संवाद
हाथ की बुनाई और उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
रामनगर में ‘वीवरशाला’ का हुआ उद्घाटन
युवा बुनकरों को आधुनिक तकनीक का दिया जाएगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। नगर के बुनकरों को बुनाई की आधुनिक तकनीक के बारे में शिक्षित करने के लिए वीवरशाला का उद्घाटन हुआ। बुनकरों को काम के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने तथा हाथ से बुनाई की परंपरा को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित बनाए रखने के प्रयास में टाटा की प्रोडक्ट तनैऐरा ने पहल की है।
तनैऐरा की यह पहल बुनकरों के लिए बुनियादी सुविधाओं को अपग्रेड करने तथा उन्हें काम के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने पर जोर देगी। तनैऐरा, उत्तर प्रदेश में वाराणसी के रामनगर स्थित दो साझेदारों, अंगिका हाथकरघा विकास उद्योग सहकारी समिति लिमिटेड और आदर्श सिल्क बुनकर सहकारी समिति लिमिटेड के साथ मिलकर काम करेगी। इसका उद्घाटन विधान परिषद सदस्य अशोक धवन, टाइटन कंपनी के प्रबंध निदेशक सीके वेंकटरमन और तनैऐरा के सीईओ अंबुज नारायण ने किया।
तनैऐरा इन समितियों के सहयोग से बुनकरों को फ्रेम लूम और सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इससे बुनकरों को अनुकूल एवं आरामदायक माहौल में काम करने का अवसर मिलेगा। सीके वेंकटरमन ने कहा, हमें गर्व है कि हमें रामनगर के बुनकर समुदायों की प्रगति एवं कल्याण में योगदान देने के लिए अंगिका हाथकरघा विकास उद्योग सहकारी समिति लिमिटेड और आदर्श सिल्क बुनकर सहकारी समिति लिमिटेड के साथ साझेदारी का अवसर मिला है। ‘वीवरशाला’ लांच होने से भारतीय हाथकरघा समुदायों के शिल्प कौशल में सुधार लाने में मदद मिलेगी। इस दौरान आदर्श बुनकर सहकारी समिति लिमिटेड के संस्थापक जगन्नाथ प्रसाद, अंगिका हाथ करघा विकास उद्योग सहकारी समिति लिमिटेड के चेयरमैन अमरेश प्रसाद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने किया पौधशाला का निरीक्षण
पिंडरा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष ममता संजीव दूबे ने शुक्रवार को प्रभागीय वनाधिकारी वाराणसी महावीर कौजलगी के साथ बाबतपुर में कर्मी पौधशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ममता संजीव दूबे ने निर्देश दिया पौधों की ऊंचाई एवं पौधे की गुणवत्ता पर ध्यान रखें। महावीर कौजलगी ने बताया कि आम, इमली, महुआ, महोगनी, मौलश्री, सीता अशोक, चंदन, पीपल, पाकड़, रुद्राक्ष सहित अन्य विशिष्ट प्रजातियों के विशेष रूप से ध्यान देकर ऊंचे पौधे तैयार किए जा रहे हैं। संवाद
खेत मजदूर सभा के लोगों ने दिया धरना
पिंडरा। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के बैनर तले शुक्रवार को पिंडरा ब्लॉक पर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। राज्यपाल को संबोधित पत्रक में चंदौली जिले के सैयदराजा थाना के मनराजपुर में पुलिस द्वारा पीटकर की गई निशा यादव की हत्या मामले की घटना में शामिल थानाध्यक्ष समेत सभी दोषी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं, मिर्जापुर जिले के कोटवा पांडे गांव से लेकर प्रदेश के तमाम जिले के गांव में बसे आदिवासी गरीब परिवार को किसी भी हालत में उजाड़ने की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की गई। इस दौरान अमरनाथ राजभर, बिरेंद्र कुमार, यूनुस खान, मनोज, गुलाब शर्मा, सुशीला, सुरसत्ती लालमनी, सतीश, विद्या देवी आदि मौजूद रहे। संवाद
संतोष बने पिंडरा लेखपाल संघ के अध्यक्ष
पिंडरा। तहसील में शुक्रवार को लेखपाल संघ पिंडरा का द्विवार्षिक चुनाव गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। वोटिंग में दो प्रत्याशियों के बराबर वोट मिलने पर चुनाव और पेचीदा हो गया। जिले से आए चुनाव अधिकारियों के उपस्थिति में संतोष पटेल को दोबारा अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कपीश कुमार तिवारी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष धर्मराज कुशवाहा, मंत्री संदीप सिंह, उपमंत्री गोरखनाथ यादव, कोषाध्यक्ष प्रवीण कांत आर्य तथा ऑडिटर पद पर धर्मेंद्र कुमार गोंड निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
महिलाओं ने भरे कलश, आज से शुरू होगा हवन
दानगंज। चोलापुर हथियर कुटी के महंत त्रिभुवनदास द्वारा अजगरा गांव में शिव मंदिर पर महारुद्र यज्ञ एवं वृहद मानस सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसको लेकर शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुषों ने कलश पूजन के बाद जल यात्रा का जुलूस निकाला। जुलूस अजगरा गांव से होते हुए 6 किलोमीटर दूर नियार वनस्पति गोमती घाट पहुंचा, जहां हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़े के बीच महिलाएं मंगल गीत गाती हुई गोमती किनारे पहुंचीं। यात्रा में गुलाब सिंह, माया सिंह, कमलेश सिंह, श्याम सुंदर सिंह, पप्पू सिंह, सोहन जायसवाल, महेंद्र जायसवाल, गुड्डू पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद
ईओ के खिलाफ सभासदों ने दिया धरना
रामनगर। नगर पालिका परिसर में 23 अप्रैल को पालिका बोर्ड की आयोजित बैठक की कार्यवाही की नकल न दिए जाने से नाराज भाजपा सभासदों ने संतोकष शर्मा के नेतृत्व में धरना दिया। धरने पर बैठे भाजपा सभासदों का कहना था कि बोर्ड की बैठक की कार्यवाही प्रोसीडिंग बुक पर दर्ज की जाती है। इसकी नकल प्राप्ति के लिए अधिशासी अधिकारी से लिखित तौर पर मांग की गई थी। लेकिन अधिशासी अधिकारी द्वारा हर दिन सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा था। पालिका अध्यक्ष रेखा शर्मा ने प्रोसिडिंग की नकल के लिए धरना प्रदर्शन की खबर सुनी तो हस्तक्षेप कर बड़े बाबू को बुलाकर नकल जारी करवाया।
गिरीश कुमार द्विवेदी बने राजातालाब के नए उप जिलाधिकारी
राजातालाब। तहसील राजातालाब के उपजिलाधिकारी उदय भान सिंह का अन्यत्र स्थानांतरण हो जाने के बाद गिरीश कुमार द्विवेदी को राजातालाब का नया उप जिलाधिकारी बनाया गया है। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी ने कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने कचनार में संगम तालाब में फैली गंदगी और वहां के ग्रामीणों द्वारा की जा रही सफाई कार्य को मौके पर जाकर देखा। गांव के युवाओं की उन्होंने प्रशंसा की और लेखपाल तथा ग्राम विकास अधिकारी को तालाब के साफ-सफाई और जल संचयन पर ध्यान दिए जाने के लिए निर्देशित किया। संवाद
बीडीओ के आदेश पर मुक्ति कुंड की सफाई शुरू
सेवापुरी। क्षेत्र पंचायत सेवापुरी के ग्राम हरिहरपुर में स्थित जर्जर मुक्ति कुंड के सफाई का कार्य खंड विकास अधिकारी रमाशंकर सिंह के निर्देश पर शुरू कर दिया गया है। कुछ दिनों पूर्व ग्रामीणों द्वारा जर्जर प्राचीन मुक्ति कुंड के बारे में संज्ञान होते ही खंड विकास अधिकारी रमाशंकर सिंह ने तत्काल ग्राम पंचायत को मरम्मत कार्य कराने का कराने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही ग्राम प्रधान द्वारा मनरेगा मजदूरों से कुंड की सफाई व टूटे-फूटे घाटों के मरम्मत का कार्य प्रारंभ होने से ग्रामीणों में खुशी व्याप्त है। संवाद
राजातालाब में एक घंटे होगी बिजली कटौती
राजातालाब। विद्युत उपकेंद्र राजातालाब में अनुरक्षण कार्य चलाए जाने के कारण शनिवार को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक विद्युत कटौती रहेगी। इसकी जानकारी देते हुए इंद्रभान सिंह अधिशासी अभियंता विद्युत प्रेषण खंड प्रथम ने बताया कि सेवापुरी, रोहनिया, राजातालाब तहसील व राजातालाब क्षेत्र में उक्त समय में यह कटौती रहेगी। संवाद