आयोजन का उद्देश्य देश के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करना और उनके आदर्शों को आत्मसात करने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। प्रतिभागियों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने और देश की एकता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। वक्ताओं और आयोजकों ने विविधता में एकता को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बरेका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं की बड़ी भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। भारत स्काउट एवं गाइड, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने भी हिस्सा लिया। इसके अलावा बरेका की तैराकी, बास्केटबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल, गोल्फ, हैंडबॉल, हॉकी, राइफल शूटिंग, वॉलीबॉल, कुश्ती, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों ने दौड़ में सहभागिता की।
आयोजन के माध्यम से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ शरीर और अनुशासित जीवन सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार हैं।
इस अवसर पर बरेका खेलकूद संघ के महासचिव एवं मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग कुमार गुप्ता, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल, उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर एसके सिंह, वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. विजय सिंह दुर्गा प्रसाद, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक क्रीड़ा अधिकारी धनंजय सिंह, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एके माहेश्वरी सहित शिक्षक, कर्मचारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।