पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से खेली जा रही अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का 10वां लीग मैच रविवार को विद्युत लोको शेड और रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बीच खेला गया। संतोष के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत आरपीएफ की टीम ने विद्युत लोको शेड को 89 रन से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। उन्होंने 32 रन बनाने के साथ चार महत्वपूर्ण विकेट भी झटके।
टॉस जीतकर विद्युत लोको शेड ने आरपीएफ की टीम को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। आरपीएफ की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 194 रन बनाए। इसमें आरपीएफ के ओपनिंग बल्लेबाज संतोष ने 16 गेंद पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 32 और अवनीश ने 29 गेंद पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 37 रन बनाए। गेंदबाजी में विद्युत लोको शेड के संतोष भारती और अतुल ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विद्युत लोको शेड की पूरी टीम 105 रन सिमट गई। विद्युत लोको शेड की ओर से संतोष भारती ने 29 व पंकज कुमार ने 19 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में आरपीएफ के संतोष ने तीन ओवर में 10 रन देकर चार विकेट, शेषनाथ ने तीन ओवर में 16 रन देकर दो विकेट लिए। मैच आरपीएफ ने 89 रन से जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। आरपीएफ के संतोष यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी अमिताभ सिंह ने दिया। सोमवार को वाणिज्य और विद्युत ऑपरेशन विभाग के बीच मैच खेला जाएगा।