दुनिया के शिव भक्तों को समर्पित होने वाले काशी विश्वनाथ धाम के जरिये राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ केंद्र सरकार के संकल्प से सिद्धि मंत्र का भी प्रचार करेगा। सोशल मीडिया और सामाजिक चर्चाओं के जरिये हर समाज व हर वर्ग को चलो काशी अभियान से जोड़ेगा। अयोध्या के बाद काशी में भव्य बाबा दरबार से संघ देश को बताएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां गंगा और काशी विश्वनाथ से किया वादा पूरा किया है। इसमें पीएम के पहले काशी दौरे पर मां गंगा ने बुलाया है बयान की याद दिलाते हुए काशी को केंद्र में रख देशभर में हिंदू गौरव अभियान की शुरुआत होगी। इन्हीं तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए संघ नेता सुरेश भैया जी जोशी वाराणसी पहुंचे हैं। सिगरा कार्यालय पर संघ पदाधिकारियों के साथ उन्होंने बैठक की और इस पूरे अभियान पर विस्तार से बात की। देर शाम वे काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और काशीपुराधिपति का दर्शन पूजन करने के बाद पूरे परिसर का अवलोकन किया। भवनों में स्थापित होने वाली श्रद्धालु सुविधाओं पर भी जानकारी ली। संघ के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के जरिये संघ हिंदुत्व के एजेंडे को भी धार देगा।
सोमनाथ की तर्ज पर संवारा गया काशी विश्वनाथ
संघ आजादी के बाद सोमनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण की याद दिलाकर काशी विश्वनाथ धाम को हर घर और हर मन से जोड़ेगा। इसमें बताया जाएगा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने गुजरात में सोमनाथ मंदिर का वर्तमान रूप दिया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर काशी विश्वनाथ धाम का भव्य दरबार दुनिया के सामने है।