आक्रोशित छात्र प्राक्टर को हटाने की मांग पर अड़े
- फोटो : अमर उजाला
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रसंघ भवन खाली कराने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्र प्राक्टर को हटाने की मांग पर अड़े हैं। जांच कमेटी गठित होने के बाद भी बुधवार को छात्र धरने पर बैठे रहे।
इस पर कुलसचिव प्रभाष द्विवेदी ने धरनारत महामंत्री नरेंद्र मिश्र के नाम पत्र जारी कर कहा है कि जांच कमेटी के अनुसार दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। धरना समाप्त कर दें, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कुलपति ने मंगलवार शाम को तीन सदस्यीय कमेटी गठित करके छात्रों के आरोपों की जांच का निर्देश दे दिया है। वहीं छात्रों का कहना है कि प्राक्टर जांच को प्रभावित कर रहे हैं।
इसलिए जांच होने तक उन्हें उनके पद से हटा दिया जाए। उधर, कुलसचिव का पत्र मिलने के बाद छात्रों में आक्रोश है। छात्रनेता नरेंद्र मिश्र का कहना है कि विश्वविद्यालय द्वारा दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। छात्र धरना देते रहेंगे।
इन मुद्दों पर है छात्रों में नाराजगी
बिना सूचना के छात्रसंघ भवन खाली कराने, छात्र अरविंद कटारे की पिटाई, शास्त्री द्वितीय वर्ष में हिंदी में कम नंबर देने, कम आवेदन के बावजूद प्रवेश परीक्षा कराने से छात्र नाराज हैं। वहीं क्रीड़ाधिकारी लालजी मिश्र पर कमेटी गठित कर आय और व्यय की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।