परीक्षार्थी का कहना है कि यह चूक विश्वविद्यालय स्तर से हुई है। ऐसे में अर्थदंड हम क्यों जमा करें। परीक्षा नियंत्रक डा. राजनाथ का का कहना है कि इस संबंध में कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
हरिश्चंद्र महाविद्यालय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाएं 17 सितंबर से आरंभ होंगी। प्रवेश परीक्षा आवेदन की तिथि दो बार बढ़ाई जा चुकी है। महाविद्यालय में एलएलबी, बीकॉम और बीए में दाखिले के लिए सबसे अधिक मारामारी है। आलम यह है कि एलएलबी की एक सीट पर सात से अधिक दावेदार हैं। रविवार को आवेदन की अंतिम तिथि भी समाप्त हो गई।
हरिश्चंद्र महाविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर व विधि में दाखिले के लिए 11706 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। सोमवार से प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र ऑनलाइन कर दिए जाएंगे। एलएलबी की 320 सीटों के लिए 2224 आवेदकों ने आवेदन किए हैं। बीकॉम की 480 सीटों के लिए 2378 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इस हिसाब से एक सीट पर पांच अभ्यर्थी हैं।
वहीं, बीए की 700 सीटों के लिए 3604 आवेदन आए हैं। बीए की एक सीट के लिए भी पांच अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा देंगे। प्राचार्य डॉ. अनिल प्रताप सिंह के मुताबिक पहले दिन यानी 17 सितंबर को प्रथम पाली में बीबीए व बीसीए व द्वितीय पाली में बीकॉम की प्रवेश परीक्षा होगी।