Varanasi News: संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों में शास्त्री की परीक्षा के लिए केंद्रों पर कॉपियां और पेपर पहुंच गए है। परीक्षा 10 दिन चलेगी।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध देश भर के कॉलेजों की परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर कॉपी, पेपर पहुंच गया है। इसके साथ ही केंद्राध्यक्षों को परीक्षा से जुड़ी अन्य गोपनीय सामग्री भी मिल गई है। दस दिन (25 अप्रैल से 4 मई) तक चलने वाली परीक्षा में इस बार 14710 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत सत्र 2024-2028 चार वर्षीय आठ सेमेस्टर के शास्त्री प्रथम सेमेस्टर के संस्थागत/व्यक्तिगत और सत्र 2022-2025 तीन वर्षीय शास्त्री छह सेमेस्टर वाले पंचम सेमेस्टर के संस्थागत, व्यक्तिगत, भूतपूर्व परीक्षा होनी है।
विश्वविद्यालय में बुधवार को यूपी में गोरखपुर, देवरिया, मथुरा, अलीगढ़, प्रयागराज आदि जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष, कॉपी पेपर लेने पहुंचे। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि शास्त्री प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा नए पाठ्यक्रम से होगी, जबकि पंचम सेमेस्टर की परीक्षा पुराने पाठ्यक्रम से होगी। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक परीक्षा करवाई जाएगी।
केंद्राध्यक्षों को यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया, तो संबंधित कॉलेज की मान्यता रद्द कर दी जाएगी। नकल विहीन परीक्षा के लिए सभी जिलाधिकारियों, डीआईओएस को भी पत्र भेजा जा चुका है। लिखित कॉपियां 6 और 7 मई को विश्वविद्यालय में जमा होंगी।