एकमात्र अधिकारी तहसीलदार ने सुनीं समस्याएं
पिंडरा तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस पर विद्युत कर्मचारियों के हड़ताल का असर दिखा। यहां बिना अधिकारियों की उपस्थिति में फरियादियों की समस्या सुनी गई। एकमात्र अधिकारी तहसीलदार रामनाथ ने अकेले 83 प्रार्थना पत्रों की सुनवाई करते हुए 8 शिकायतों का निस्तारण किया। लखमीपुर के अखिलेश पटेल के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर सार्वजनिक निर्माण कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत की। वही पूर्व में किये गए शिकायत की जांच भी न होने का आरोप लगाया। जिस पर उन्होंने बीडीओ बड़ागांव को जांच के लिए निर्देशित किया।
जगदीशपुर के अवधेश माली के नेतृत्व में पहुंचे माली समाज के लोगों ने माली समाज के जीवन यापन के लिए आरक्षित आराजी नम्बर 1368 के फुलवारी को कब्जा कर मकान बना लेने की शिकायत की। जिसे राजस्व निरीक्षक को जांच के लिए दिया गया। वही भोपापुर के ग्राम प्रधान मनीष द्वारा खेलकूद के मैदान पर कब्जे की शिकायत की। पिण्डराई (सिधुरिया) के ग्रामीणों ने सार्वजनिक नाला को ब्लॉक कर देने से बारिश का पानी न जा पाने से धान की फसल डूब जाने की शिकायत की। जिसपर सिंचाई विभाग को जांचकर कार्रवाई की। वहीं सदर तहसील में भी संपूर्ण समाधान दिवस पर बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर दिखाई दिया, जिलाधिकारी व एसएसपी की गैर मौजूदगी में अन्य अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनी।