कार्यक्रम में बोलते धर्मेंद्र सिंह यादव
- फोटो : अमर उजाला
बलिया पहुंचे बदायूं से सपा सांसद धर्मेंद्र सिंह यादव ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी को समस्याओं की समझ नहीं है। अगर इन्हें चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के रूप में पेश किया गया होता तो प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बनती। वह कुंवर सिंह पीजी कालेज में छात्रसंघ के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नौजवानों और व्यापारियों को भी नहीं छोड़ा। 2014 में जिस रास्ते देश में भाजपा आई थी, उसी रास्ते 2019 में जनता विदाई कर देगी।
धर्मेंद्र सिंह यादव ने मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि हमें गंगा मां ने बुलाया है, लेकिन आज गंगा मां आंसू बहा रही हैं।
केंद्र सरकार नौजवानों को नौकरी का झूठा वादा कर सत्ता में काबिज हुई। नौकरी तो नौजवानों को नहीं दी, लेकिन पकौड़े बेचने के लिए नौजवानों को जरूर कहा। उन्होंने कहा कि 2019 में गंगा-यमुना के इस मैदान से पूरे देश में अलख जगेगी। जिसकी शुरूआत यहां के बेरोजगार नौजवान व छात्र करेंगे।