सपा की महिला नेता डिंपल यादव पर अश्लील टिप्पणी को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। वाराणसी में पुलिस आयुक्त से बातचीत कर कार्रवाई की मांग की गई है। इसके लिए ज्ञापन भी साैंपा गया है।
Varanasi News: समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने पुलिस आयुक्त से फोन पर बात की। उन्होंने शहर के डॉ. अनुराग टंडन की ओर से फेसबुक पर समाजवादी पार्टी की सांसद व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव पर अश्लील एवं अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई। इनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस आयुक्त को संबोधित ज्ञापन इंस्पेक्टर कैंट को दिया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल जिलाध्यक्ष ने बताया कि हीरापुर, पियरी, कबीरचौरा निवासी पेशे से चिकित्सक डॉ. अनुराग टंडन पर कार्रवाई की मांग की गई।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक रूप से विरोध और अपनी बात को रखने का सबको अधिकार है लेकिन आप किसी को गाली नहीं दे सकते। इस घटना को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में काफी रोष व्याप्त है। हम लोग अपने नेता के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले को सबक सिखाना जानते हैं। यदि पुलिस प्रशासन कानूनी कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी आंदोलन को बाध्य होगी।