फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समाजवादी पार्टी में अंतर्कलह सतह पर

Mon, 28 Mar 2016 02:26 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
राज्यमंत्री सुरेंद्र पटेल के खिलाफ लामबंद हुए सपा नेता नागा यादव के समर्थक।
विज्ञापन
राज्यमंत्री सुरेंद्र पटेल के खिलाफ नागा यादव समर्थकों का धरना-प्रदर्शन सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी के लिए चिंता का सबब बन गया है। इस मुद्दे पर सपा दो फ ाड़ होती दिख रही है। इसी बीच विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों का एलान होने से खींचतान और बढ़ गई है। एक तरफ सुरेंद्र पटेल और उनके समर्थक हैं तो दूसरी ओर जिला कमेटी से जुड़े पदाधिकारी। जिला सचिव तीन दिन से राज्यमंत्री के खिलाफ जिला मुख्यालय पर धरना दे रहे हैं वहीं सुरेंद्र पटेल ने पलटवार करते हुए प्रधान संघ को अपनी तरफ से मैदान में उतार दिया है। 
विज्ञापन


प्रधान संघ से जुड़े राज्यमंत्री समर्थकों ने जिला कमेटी के कतिपय पदाधिकारियों पर ही सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। प्रधान संघ के अध्यक्ष तेजनाथ पटेल ने रविवार को प्रेसवार्ता कर नागा यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए। कहा कि पार्टी का ही एक धड़ा राज्यमंत्री को पसंद नहीं करता। उनके हर काम में कमियां निकालना उसकी आदत है। वही धड़ा अब सीधे तौर पर विरोध में उतर आया है। उधर, नागा समर्थकों ने रविवार शाम मशाल जुलूस निकाल अपने आंदोलन को धार देने का भरसक प्रयास किया। कहा कि नागा यादव को सजायाफ्ता बताने वाले पहले अपने गिरेबां में झांकें।  

पार्टी के अंदरखाने चर्चा तो यह भी है कि टिकट से वंचित कई स्थानीय नेता भी नागा समर्थकों के साथ खडे़ हो गए हैं। इतना ही नहीं, सुरेंद्र पटेल के खिलाफ चल रहे धरना प्रदर्शन को अपना दल के कुछ नेताओं का भी समर्थन हासिल हो गया है। रोहनिया उपचुनाव में मिली शिकस्त के बाद से अपना दल की स्थानीय इकाई राज्यमंत्री के खिलाफ हल्ला बोलने का मौका खोज रही है। टिकट से वंचित सपा के कई असंतुष्ट रविवार को जिला सचिव के धरने में दिखे भी।
विज्ञापन


इन असंतुष्ट नेताओं का आरोप है कि पार्टी के एक खास नेता की पसंद पर शहर उत्तरी, शिवपुर और कैंट विधानसभा के टिकट दिए गए। उनका तर्क था कि शिवपुर सीट से पीयूष यादव का दावा मजबूत था। उन्होंने पिछले चुनाव में बसपा के उदयलाल मौर्या को कड़ी टक्कर दी थी। लेकिन उनकी जगह ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया है जो हाल ही में पार्टी में आए हैं। असंतुष्टों के निशाने पर शहर उत्तरी के प्रत्याशी अब्दुल समद अंसारी भी हैं। विरोधी कह रहे हैं कि पिछले चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे फिर भी उन्हें टिकट दे दिया गया। वहीं कैंट की प्रत्याशी रीबू श्रीवास्तव के बारे में वे कह रहे हैं कि मजबूत दावेदारों की अनदेखी की गई। 

सपा कार्यकर्ता नागा यादव के समर्थन में पार्टी के एक गुट ने जिला मुख्यालय पर रविवार को तीसरे दिन मशाल जुलूस निकाला। नागा यादव की पत्नी जिला पंचायत सदस्य पार्वती देवी अपनेे पति के उत्पीड़न के खिलाफ धरने पर हैं। उनका आरोप है कि राज्य मंत्री सुरेंद्र पटेल के भाई विधायक महेंद्र सिंह पटेल के फर्जी आरोपों के आधार पर रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके विरोध में गोलघर चौराहा से कलेक्ट्रेट गेट के सामने तक जुलूस निकाला गया। वहां सभा में सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की गई। इस मौके पर सुजीत यादव उर्फ लक्कड़, आनंद मौर्या, जयश्री यादव, गुड्डू तिवारी, अंजू सिंह, दिनेश यादव आदि उपस्थित थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें