काशी ज्योतिष पीठ के अगले शंकराचार्य के चयन के लिए शीर्ष संतों के मार्ग दर्शन भारत धर्म महामंडल को मिलने लगे हैं। शक्तेशगढ़ परमहंस आश्रम के संत स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने भारत धर्म महामंडल की शंकराचार्य चयन प्रक्रिया को सराहा।
महामंडल के जनरल सेक्रेटरी से फोन पर वार्ता कर उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पद पर अर्हता रखने वाले योग्य संन्यासी की तलाश निष्पक्षता से पूरी की जाए। इस पद के लिए अब तक महामंडल के पास 12 संन्यासियों के नाम आ चुके हैं।
उधर, डिपार्टमेंटल सेक्रेटरी शंभूनाथ चतुर्वेदी की अगुवाई वाले महामंडल के दूसरे धड़े की नेशनल कौंसिल (मंत्री सभा) की बैठक आज होगी। शंकराचार्य के चयन के मसले पर द्वारिका-शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद से मुलाकात के बाद भारत धर्म महामंडल के जनरल सेक्रेटरी शंभूनाथ उपाध्याय ने सात दिसंबर को मंत्री सभा की बैठक के लिए एजेंडा जारी कर दिया।
चीफ सेक्रेटरी प्रो. प्यारे सिंह ने बताया कि शक्तेशगढ़ परमहंस आश्रम के संत स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने उनसे फोन पर चयन प्रक्रिया को सराहा। उन्होंने बताया कि स्वामी अड़गड़ानंद ने धर्म महामंडल से उम्मीद जताई है कि योग्य संन्यासी का चुनाव किया जाएगा।
उधर, शुक्रवार को दूसरे धड़े की होने वाली मंत्री सभा की बैठक पर भी नजरें टिकी हुई हैं। इस धड़े की ओर से 11 अक्तूबर को महामंडल के उपाध्यक्ष शशिनंदन दर की अध्यक्षता में अलग रजिस्टर बनाकर बैठक की गई थी।
24 नवंबर की शाम चार बजे से मंत्री सभा की बैठक महामंडल परिसर में ही होगी। इसमें पिछली बैठक के मिनट्स की पुष्टि के बाद शंकराचार्य चयन को लेकर अपनाई जाने वाली अगली प्रक्रिया पर एजेंडे के तहत विचार किया जाएगा।